बुंदेलखंड की धरती पै उतरो डर, सागर मा बन रई ‘मायरा’ फिल्म

सागर में सजी हॉरर सिनेमा की दुनिया, जल्द बड़े पर्दे पर डराएगी ‘मायरा: जर्नी टू डेथ’


सागर की ऐतिहासिक और प्राकृतिक लोकेशनों पर इन दिनों हॉरर सिनेमा का रोमांच रचा जा रहा है। आचरण फिल्म स्टेशन के बैनर तले बन रही हॉरर फिल्म ‘मायरा: जर्नी टू डेथ’ की शूटिंग सागर में तेजी से चल रही है। लगभग 2 घंटे 20 मिनट की इस फिल्म की एक घंटे से अधिक शूटिंग पूरी हो चुकी है और जल्द ही यह फिल्म दर्शकों को बड़े पर्दे पर डर और रहस्य का नया अनुभव देने वाली है।

फिल्म के निर्माता सागर के पूर्व विधायक सुनील जैन हैं, जबकि इसकी कहानी और निर्देशन की कमान मुंबई के निर्देशक ताहिर हुसैन ने संभाली है। फिल्म में मुख्य भूमिकाओं में राहुल सिंह और पूजा राणा नजर आएंगे।

निर्माता सुनील जैन ने बताया कि सागर में फिल्म शूटिंग के लिए बेहतरीन लोकेशन मौजूद हैं। इन्हीं लोकेशनों को देखते हुए निर्देशक ताहिर हुसैन ने पूरी फिल्म सागर में ही शूट करने की इच्छा जताई। फिल्म की शूटिंग धामोनी किला, सर्किट हाउस, मंगलगिरी फॉरेस्ट सहित आसपास के अन्य अंचलों में की गई है। खास बात यह है कि फिल्म में स्थानीय कलाकारों को भी मौका दिया गया है, जिससे सागर की प्रतिभा को भी बड़े पर्दे पर पहचान मिलेगी।
हॉरर और सस्पेंस से भरपूर यह फिल्म अब दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा रही है और सागर एक बार फिर सिनेमा के नक्शे पर खास पहचान बनाता नजर आ रहा है।