July 22, 2026
SAGAR EXPRESS NEWS
Police

सागर: रविशंकर स्कूल में मोतीनगर पुलिस का साइबर जागरूकता अभियान, छात्रों को ऑनलाइन ठगी से बचने के बताए प्रभावी उपाय

सागर: रविशंकर स्कूल में मोतीनगर पुलिस का साइबर जागरूकता अभियान, छात्रों को ऑनलाइन ठगी से बचने के बताए प्रभावी उपाय

सागर के पंडित रविशंकर स्कूल में बुधवार को मोतीनगर थाना पुलिस ने ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के तहत साइबर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सतर्क करना और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित करना था।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने छात्रों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कस्टमर केयर नंबर, डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग लिंक, सोशल मीडिया फ्रॉड और डीपफेक जैसे साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी लोगों की छोटी-सी लापरवाही का फायदा उठाकर बैंक खाते से रकम उड़ा लेते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि गूगल पर दिखाई देने वाला हर कस्टमर केयर नंबर विश्वसनीय नहीं होता। ठग फर्जी नंबरों के माध्यम से OTP, CVV, PIN, MPIN और अन्य बैंकिंग जानकारी हासिल कर आर्थिक नुकसान पहुंचाते हैं। किसी भी संस्था का संपर्क नंबर केवल उसकी आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत मोबाइल ऐप से ही प्राप्त करना चाहिए।

कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि आजकल साइबर अपराधी फिशिंग लिंक, KYC अपडेट, पार्सल डिलीवरी, लॉटरी, निवेश के नाम पर ठगी, सोशल मीडिया फ्रॉड और डीपफेक वीडियो जैसी नई तकनीकों का इस्तेमाल कर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। विद्यार्थियों को सलाह दी गई कि किसी भी संदिग्ध कॉल, वीडियो कॉल, लिंक या संदेश पर बिना सत्यापन के कोई प्रतिक्रिया न दें और अपनी व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा की शपथ ली। उन्होंने सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने, अपने परिवार और मित्रों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का संकल्प लिया।इस अभियान में स्कूल और थाने के समस्त स्टाफ का सहयोग रहा।

Related posts

एक चिट्ठी और चार लिस्ट: सागर पुलिस महकमे में बड़ा उलटफेर

admin

Leave a Comment